बेतिया , जुलाई 14 -- पश्चिम चंपारण जिले में श्रीनगर थाना क्षेत्र के सिसवा कुट्टी वार्ड संख्या-09 में मंगलवार को स्कूल जाने के दौरान पोखर में डूबने से 13 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान जियुत मुखिया की पुत्री निक्की कुमारी (13) के रूप में हुई है।वह सरकारी मिडिल स्कूल की पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। सुबह करीब 9.30 बजे वह गांव के अन्य बच्चों के साथ स्कूल जा रही थी। घर से विद्यालय की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर है। रास्ते में पड़ने वाले एक पोखर के किनारे से गुजरने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पोखर में गिर गई।
इस घटना के बाद साथ जा रहे बच्चों ने शोर मचाया. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से बच्ची को पोखर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि निक्की तीन बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित