बेतिया , अक्टूबर 10 -- िहार के पश्चिम चंपारण जिले में स्कूली बच्चों की बौद्धिक क्षमता और खेल प्रतिभा को विकसित करने के उद्देश्य से शतरंज प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। जिला खेल कार्यालय और चंपारण शतरंज अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में संत जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल, बेतिया में विद्यार्थियों को शतरंज का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के फादर आर्मस्ट्रांग एडिसन ने किया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को शतरंज के बुनियादी नियमों, मोहरों की चालों, रणनीति बनाने और प्रतिद्वंद्वी की चालों का आकलन करने की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य बच्चों में एकाग्रता, तार्किक सोच, धैर्य और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है।
प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शतरंज जैसे बौद्धिक खेल विद्यार्थियों की सोचने-समझने की क्षमता को विकसित करने के साथ उन्हें परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेना सिखाते हैं।
जिला प्रशासन और खेल विभाग का प्रयास है कि बच्चों को शुरुआती स्तर से ही खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर शतरंज प्रशिक्षक शाहिद हुसैन, मनीष कुमार, नयन मणि कुमार, राकेश रेमी, शारीरिक शिक्षा शिक्षक नवीन उत्पल, कार्यपालक सहायक अमरेंद्र कुमार सिंह और आशीष वर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित