बेतिया , अक्टूबर 24 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में सड़क दुर्घटनाओं में हो रही वृद्धि पर जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने चिंता जताते हुए घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।शनिवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था में सुधार के उपायों पर चर्चा की गयी।

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री राहत योजना (पीएम राहत स्कीम) का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिये,जिससे दुर्घटना पीड़ितों को मिलने वाली सहायता के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके।

उन्होंने सिविल सर्जन को जिले के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी पंजीकृत अस्पतालों में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का तत्काल इलाज शुरू कराने का निर्देश दिया। साथ ही, घायल के अस्पताल पहुंचने पर डायल 112 को सूचना देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में हेलमेट और सीट बेल्ट की जांच, नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक, ओवरलोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई तथा वाहनों के कागजात की जांच पर जोर दियाí गया। दुर्घटना संभावित स्थलों पर संकेतक बोर्ड, सड़क मार्किंग और रंबल स्ट्रिप दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया गया।

जिलाधिकारी ने अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था सुधारने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर गश्ती बढ़ाने पर बल दिया। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी अमित राज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित