बेतिया , अगस्त 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिक्षाविद डॉ. राहुल राज ने पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल के विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर शिक्षकों से संवाद किया। डॉ. राहुल राज ने इस दौरान शिक्षकों की समस्याएं सुनीं और उनके अधिकारों तथा सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का भरोसा दिया।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की मजबूती का आधार शिक्षक हैं। इसलिए उनके सेवा संबंधी अधिकारों की रक्षा तथा लंबित समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय के शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा मिलने के बाद पुराना पूर्ण वेतनमान, वित्तीय उन्नयन, समयबद्ध प्रोन्नति, अर्जित इंडेक्स के आधार पर वेतन निर्धारण, विशेष वार्षिक वेतन वृद्धि, पुरानी पेंशन योजना सहित अन्य सेवांत लाभ उपलब्ध कराना आवश्यक है।
डॉ. राहुल राज ने विद्यालय से लेकर महाविद्यालयों तक सभी शिक्षकों की सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने की मांग दोहराई। साथ ही वित्तरहित शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को नियमित वेतनमान देने, मदरसा एवं संस्कृत विद्यालयों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने तथा सरकारी विद्यालयों में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को मान्यता प्राप्त आईटीआई संस्थानों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि महाविद्यालयों के शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रभावी पहल की जाएगी, जिससे उन्हें समान सम्मान और अधिकार मिल सके। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की आवाज को सरकार और नीति-निर्माताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनका संकल्प है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित