बेतिया , अक्टूबर 18 -- िहार में पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में दसवीं के छात्र सुजीत की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके सहपाठी को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव के ही धर्मेंद्र के रूप में की गयी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल फाइटर, पेचकस और खून से सनी शर्ट समेत कई साक्ष्य बरामद किये हैं।

नरकटियागंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रसन्ना कुमार एमवी ने रविवार को सर्किल इंस्पेक्टर सरफराज अहमद और लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान समेत अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में हत्याकांड का खुलासा किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुजीत और धर्मेंद्र के बीच स्कूल तथा कोचिंग में पढ़ाई के दौरान से ही विवाद चल रहा था। जिउतिया के दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस का कहना है कि सुजीत ने मठिया गांव के कुछ सहपाठियों से धर्मेंद्र की पिटाई करायी थी। इसके बाद आरोपी के मन में रंजिश बढ़ गयी और उसने हत्या की साजिश रची। हालांकि, विवाद की मूल वजह का विस्तृत खुलासा नहीं किया गया है।

सूत्रों के अनुसार 16 अक्टूबर की सुबह सुजीत फूल तोड़ने गया था। इसी दौरान आरोपी ने पीछे से ईंट मारकर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद फाइटर से उसके चेहरे पर वार किया और पेचकस से गर्दन पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी ने इस्तेमाल किये गये सामान को खेत में गाड़ दिया था, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया।

घटना के बाद जांच को भटकाने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर अपने अपहरण की कहानी रची। घटना के करीब 24 घंटे बाद वह डुमरा गांव की नहर में पैर बंधे हुए मिला था। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लौरिया ले जाया गया, जहां उसकी गतिविधियों पर पुलिस को संदेह हुआ।और उससे कड़ी पूछताछ की तब वह टूट गया और हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित