बेतिया , अगस्त 04 -- राष्ट्रीय हड्डी एवं जोड़ दिवस के अवसर पर मंगलवार को बसवरिया माइकल कॉलोनी स्थित नारायणी सुपर स्पेशलिटी ऑर्थोपेडिक क्लिनिक में निःशुल्क बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के आह्वान पर बिहार ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन तथा रोटरी क्लब बेतिया सेंट्रल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के जिला समन्वयक एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. उमेश कुमार, रोटरी क्लब बेतिया सेंट्रल की अध्यक्ष डॉ. शीला रंजन, नेत्र रोग विशेषज्ञ रोटेरियन डॉ. प्रदीप कुमार तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. उमेश कुमार ने कहा कि पूरे देश में तीन अगस्त से आठ अगस्त तक राष्ट्रीय हड्डी एवं जोड़ सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को हड्डियों से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम और समय पर जांच के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम, धूम्रपान एवं अल्कोहल से परहेज, मोटापे पर नियंत्रण तथा समय-समय पर बीएमडी जांच कराने से ऑस्टियोपोरोसिस सहित हड्डियों से संबंधित कई बीमारियों से बचाव संभव है।
डॉ. शीला रंजन ने 40 वर्ष की आयु के बाद महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस के बढ़ते खतरे का उल्लेख करते हुए चिकित्सकीय सलाह के अनुसार समय पर जांच एवं उपचार कराने की अपील की।
वहीं रोटेरियन डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में रोटरी क्लब लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों एवं उनके परिजनों की निःशुल्क बीएमडी जांच की गई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।
कार्यक्रम में डीजी रोटेरियन सुजय सिन्हा, क्लब डायरेक्टर रोटेरियन अभिनव कुमार, डॉ. रश्मि कुमारी सहित रोटरी क्लब के कई सदस्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित