बेतिया , अप्रैल 26 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र गोबरौरा के मटियारिया कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी।
इस मामले में मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि मृतक की पहचान अमूल मजूमदार के 35 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अमित की मौत उसके ही कमरे में हुई। परिजनों का आरोप है कि उसकी पत्नी नीलम देवी ने शरीर पर घातक वार कर उसकी हत्या कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी नीलम देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 12 बजे नीलम देवी ने अमित के बड़े भाई जनीराम मजूमदार को फोन कर पति की तबीयत बिगड़ने की सूचना दी। सूचना पर जब परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो अमित को मृत पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित कुमार और नीलम देवी ने करीब 13 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित