बेतिया , सितम्बर 26 -- नेपाल से निकलने वाली मसान नदी की बाढ़ से पश्चिम चंपारण के खेतों और ग्रामीण आबादी को सुरक्षा देने के लिए प्रस्तावित करीब 205 करोड़ रुपये की परियोजना के क्रियान्वयन पर फिलहाल भू-अर्जन की समस्या के कारण रोक लग गयी है। तटबंध निर्माण का काम शुरू होने के बाद कई स्थानों पर जमीन अधिग्रहण की अड़चन सामने आने पर विभाग ने कार्य रोक दिया है। अब जल निस्सरण विभाग परियोजना का नए सिरे से डीपीआर तैयार कर सिंचाई विभाग को भेजने की तैयारी में है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, नये डीपीआर को स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के तहत सबसे पहले भू-अर्जन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद मसान नदी के दोनों किनारों पर तटबंधों के उच्चीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। पूर्व में तटबंध निर्माण का काम शुरू भी कर दिया गया था, लेकिन भू-अर्जन की समस्या के कारण इसे रोकना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित