बेतिया , अप्रैल 24 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मद्य निषेध विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ड्रोन और डॉग स्क्वायड की मदद से विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब एवं निर्माण सामग्री बरामद करने के साथ 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

अधीक्षक मद्य निषेध सीमा चौरसिया ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीमों ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरा, मझौलिया के लाल सरैया तथा सेमरा गांवों में संयुक्त अभियान चलाया। ड्रोन के जरिए चिन्हित स्थलों पर पहुंचकर शराब निर्माण के ठिकानों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान करीब 5610 किलोग्राम जावा, गुड़ एवं अन्य कच्चा घोल बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही 362 लीटर चुलाई शराब भी जब्त कर नष्ट की गई।

अधीक्षक मद्य निषेध ने बताया कि बलथर क्षेत्र में छापेमारी के दौरान शिकारपुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर वार्ड संख्या छह निवासी सत्यदेव प्रसाद को 300 मिली नेपाली देसी कस्तूरी प्रीमियम शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं रेलवे सुरक्षा बल ने रामनगर निवासी विक्रम साह को 4 लीटर 855 मिलीलीटर विदेशी शराब के साथ पकड़कर उत्पाद विभाग के हवाले किया गया।उन्होंने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरा पकड़ी के समीप से रजनेश कुमार को करीब डेढ़ लीटर चुलाई शराब के साथ तथा नगर के हरिवाटिका चौक से राजकुमार को 180 मिलीलीटर की 27 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

मद्य निषेध अधीक्षक सुश्री चौरसिया ने बताया कि विभाग की पांच अलग-अलग टीमों ने बेतिया, नरकटियागंज एवं बगहा अनुमंडल के विभिन्न इलाकों में एक साथ कार्रवाई की, जिससे अवैध शराब कारोबारी डरे हुए हैं। इस अभियान में कुल 27 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है।उन्होंने बताया कि छापेमारी में सहायक अवर निरीक्षक बिकु कुमार, आशुतोष कुमार, किरण कुमारी, आर. किरण, अंकित कुमार, गौतम कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित