बेतिया , अगस्त 02 -- श्चिम चंपारण जिले में बाल हृदय योजना के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 23 बच्चों को निःशुल्क जांच एवं उपचार के लिए रविवार को एम्बुलेंस से जय प्रभा मेदांता सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल भेजा गया। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश चंद्रा ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों को रवाना किया। डॉ. चंद्रा ने बताया कि बाल हृदय योजना के तहत अब तक जिले के 100 से अधिक जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित बच्चों का सफलतापूर्वक निःशुल्क ऑपरेशन कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्चस्तरीय एवं जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित स्वास्थ्य जांच अभियान चलाती है। जांच के दौरान जिन बच्चों में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण पाए जाते हैं, उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क जांच कराने के बाद बाल हृदय योजना के तहत उपचार के लिए रेफर किया जाता है।
अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उनका समय रहते उपचार हो सके और वे स्वस्थ एवं सामान्य जीवन जी सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित