बेतिया, 27मई (वार्ता )बिहार में पश्चिमी चम्पारण के योगापट्टी प्रखंड में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में एक साइबर कैफे पर छापेमारी कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने के बड़े रैकेट का खुलासा किया है।

पुलिस ने इस मामले में शामिल गुप्ता साइबर कैफे को सील कर दिया है तथा प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीआरडीए निदेशक अरुण प्रकाश ने बताया कि इस साइबर कैफे का संचालन सुनील प्रसाद नामक व्यक्ति कर रहे थे, जहां आधार कार्ड में अवैध रूप से उम्र संशोधन, फर्जी जन्म प्रमाण पत्र एवं आवासीय प्रमाण पत्र तैयार किए जाने की शिकायत मिली थी।

जांच में यह भी सामने आया कि बीएसएनएल कर्नाटक का आईडी उपयोग कर आधार से जुड़े सिस्टम को बायपास कर अवैध करेक्शन किया जा रहा था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो लैपटॉप, एक इंकजेट प्रिंटर, एक पीवीसी प्रिंटर सहित कई संदिग्ध एवं फर्जी दस्तावेज जब्त किए। जब्त कागजातों में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेज शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान साइबर कैफे में कार्यरत दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर थाने को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित