बेतिया, 20सितम्बर (वार्ता) केंद्र सरकार के निर्देश के आलोक में रविवार को ईश्वर शांति महाविद्यालय, झखरा, नौतन में "विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा-संकल्प अभियान" का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जगदीशपुर थानाध्यक्ष नितेश कुमार, विशिष्ट अतिथि जिला युवा पदाधिकारी शशांक मित्तल, गेस्ट ऑफ ऑनर एसआई अनुपम अचला, समाजसेवी सुकई यादव एवं महाविद्यालय के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र शरण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति संकल्प समारोह आयोजित हुआ। इसमें अतिथियों, विद्यार्थियों, जीविका दीदियों तथा महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारियों ने गोल घेरा बनाकर नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली। इसके बाद हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों ने नशामुक्त समाज निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जतायी।
परेड की धुन के साथ महाविद्यालय परिसर से जागरूकता रैली भी निकाली गयी। रैली ने आसपास के गांवों का भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो स्वस्थ युवा, विकसित भारत" का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय अध्यक्ष ज्ञानेंद्र शरण ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया। कार्यक्रम को थानाध्यक्ष नितेश कुमार, जिला युवा पदाधिकारी शशांक मित्तल, डॉ. बीएन द्विवेदी एवं अम्मा ट्रस्ट के सचिव सत्येंद्र शरण ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।
समापन पर प्राचार्या सुश्री सबा खानम ने अतिथियों, विद्यार्थियों, जीविका दीदियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच संचालन यूथ आइकॉन आदित्य मधुकर ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित