बेतिया, 07अक्टूबर (वार्ता )दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी (डीएम)तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जिलास्तरीय शांति समिति के साथ ही प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था, शांति और आपसी भाईचारे का पर्व है। पर्व के दौरान जिले में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने, जरूरत के अनुसार ड्रोन से निगरानी, फ्लैग मार्च और सघन गश्ती कराने का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री के प्रसार पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने तथा कैम्प कोर्ट के माध्यम से बाउंड डाउन की कार्रवाई करने को कहा गया। पूजा समितियों और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय के लिए शांति समिति की बैठकें आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि सभी पूजा समितियां लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही प्रतिमा स्थापित करें। पंडालों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन, सीसीटीवी, पर्याप्त रोशनी, वॉच टावर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और प्रशिक्षित वोलेंटियर्स की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। विद्युत तारों का सत्यापन कराने तथा लाउडस्पीकर के लिए विधिवत अनुमति लेने का निर्देश दिया गया। अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध के साथ डीजे पर भी पूरी तरह रोक का सख्ती से अनुपालन कराने को कहा गया।
प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित तिथि और तय रूट से कराने का निर्देश दिया गया। विसर्जन स्थलों पर क्राउड मैनेजमेंट के पुख्ता इंतजाम के साथ गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया। जलस्तर को देखते हुए नावों के परिचालन में विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता पड़ने पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की मदद लेने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने होटलों, ढाबों और लॉजों की जांच, बाइकर्स की निगरानी तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा। भारत-नेपाल सीमा पर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में एसएसपी कुमार गौतम, बगहा एसपी राजेश कुमार समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इससे पूर्व जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक में डीएम ने सदस्यों से दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित