बेतिया , सितंबर 11 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू)विधायक समृद्ध वर्मा और जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न कुशवाहा ने शुक्रवार को फरक्का जल संधि के नवीकरण से पहले बिहार के हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से ठोस पहल करने की मांग की।विधायक समृद्ध वर्मा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिसंबर में फरक्का (गंगा) जल संधि के नवीकरण से पहले बिहार की जल आवश्यकताओं और हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय रहते इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई तो बिहार को इसका गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।उन्होंने बताया कि जदयू की ओर से फरक्का जल संधि के मुद्दे को जनता के बीच ले जाने के लिए "फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद" कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
श्री वर्मा ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में गंगा किनारे बसे बिहार के 12 जिलों में जनसंवाद किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को संधि से बिहार को होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना और उनकी आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाना है।
विधायक श्री वर्मा ने कहा कि 1996 में भारत और बांग्लादेश के बीच हुई फरक्का जल संधि बिहार के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने संसद के मानसून सत्र में राज्यसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने संधि के नवीकरण पर पुनर्विचार की आवश्यकता बताते हुए कहा था कि किसी नए समझौते में वर्ष 2050 तक बिहार की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित