बेतिया , अगस्त 01 -- बिहार में पश्चिम चम्पारण जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शनिवार को सांसद एवं समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, कृषि एवं किसान कल्याण, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सहित कई योजनाओं की समीक्षा की गई।
सांसद डॉ. जायसवाल ने जिले में शत-प्रतिशत ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का कार्य शीघ्र पूरा करने, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-4) में अधिक योजनाएं शामिल करने तथा रिक्त पदों के विरुद्ध डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये। उन्होंने किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने, प्रत्येक प्रखंड में नियमित आत्मा की बैठक आयोजित करने, उदयपुर एवं लौरिया नंदनगढ़ में सामुदायिक शौचालय निर्माण तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध वसूली रोकने के भी निर्देश दिए।
बैठक में नल-जल योजनाओं में अनियमितता की शिकायतों पर सांसद ने सभी विधायकों से दो-दो पंचायतों के नाम उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयनित पंचायतों में पीएचईडी द्वारा संचालित योजनाओं की गहन जांच कराई जाएगी तथा गड़बड़ी मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया। बैठक में सांसद सुनील कुमार, विधायक रेणु देवी सहित कई विधायक, विधान पार्षद, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित