बेतिया , अगस्त 10 -- बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले के सीरिसिया ओपी क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर रविवार रात एक राजमिस्त्री की चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सीरिसिया अड्डा वार्ड संख्या नौ निवासी मोतीलाल पटेल का पुत्र झामु पटेल (30)रविवार की रात अपने साथ काम करने वाले मजदूर रामायन यादव को बाइक से इकरहिया स्थित उसके घर छोड़कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान सीरिसिया अड्डा चौक से उत्तर नहर के समीप अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी।

मृतक के बड़े भाई मोहन पटेल ने करीब डेढ़ कट्ठा जमीन को लेकर गांव के गोलू कुमार और उसके परिजनों से पूर्व से विवाद होने का आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, करीब एक माह पहले मृतक के पिता के साथ भी मारपीट की गयी थी। उन्होंने मामले के एक गवाह को धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले में गोलू कुमार और उसके पिता राजेश्वर पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित