बेतिया , अप्रैल 27 -- िहार में पश्चिमी चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम अपराधियों ने कुख्यात अपराधी संजीव कुमार मिश्र उर्फ पुट्टू मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोहसा पंचायत अंतर्गत फुलकौल गांव के चौक के समीप बाइक सवार तीन अपराधियों ने पुट्टू मिश्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल पुट्टू मिश्रा को तत्काल रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि मृतक संजीव कुमार मिश्र उर्फ पुट्टू मिश्रा का आपराधिक इतिहास रहा है। वह हत्या, रंगदारी समेत कई मामलों में संलिप्त रह चुका था और लंबे समय तक जेल में भी रह चुका था। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रागिनी कुमारी, इंस्पेक्टर दीपक कुमार एवं अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया गया है। इस घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित