बेतिया , मई 27 -- बिहार में पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने बुधवार को राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिए हैं।

श्री सिंह ने बुधवार को आयोजित जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक में कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि एनएच किनारे स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपनी पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए नोटिस जारी किया जाए। साथ ही ठेला, वेंडर, अस्थायी संरचनाएं और अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

श्री सिंह ने एनएचएआई को रंबल स्ट्रिप, जेब्रा क्रॉसिंग, व्हाइट लाइन मार्किंग, स्पीड लिमिट बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाने का निर्देश देते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर त्वरित सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित