बेतिया, मई 12 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के मनुआपुल थाना क्षेत्र से पुलिस ने हथियार और कारतूस के साथ पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सोमवार की देर रात मनुआपुल थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि छावनी ओवरब्रिज के समीप पांच युवक हथियार से लैस होकर जमा हुए हैं तथा किसी को ब्लैकमेल करने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मनुआपुल थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छावनी ओवरब्रिज के पास छापेमारी कर पांचों युवकों को एक मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा, एक कारतूस, दो चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के परसोना निवासी निकेश कुमार, चनपटिया थाना क्षेत्र के चुहड़ी पाठक टोला निवासी सुमित कुमार, बैरिया थाना क्षेत्र के मरकोली निवासी अशरफ अली, चनपटिया थाना क्षेत्र के शंभुआपुर निवासी सागर कुमार तथा बैरिया थाना क्षेत्र के मथौली निवासी नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है।इस मामले में मनुआपुल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। गिरफ्तार युवकों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित