बेतिया , मई 16 -- बिहार में पश्चिम चंपारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने समेकित थरूहट विकास अभिकरण की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति, व्यय, गुणवत्ता एवं लंबित कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रभारी पदाधिकारी, समेकित थरूहट विकास अभिकरण ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2010-11 से 2025-26 तक कुल 357 योजनाएं स्वीकृत की गई थीं, जिनमें से 286 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं जबकि शेष योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि अब तक 8801.576 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जो कुल आवंटित राशि का लगभग 73.03 प्रतिशत है।
समीक्षा के दौरान श्री सिंह ने लंबित योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं को शीघ्र संबंधित विभागों को हस्तांतरित कर उपयोग में लाया जाए ताकि आम लोगों को उसका लाभ मिल सके।उन्होंने सभी कार्यपालक अभियंताओं को योजनाओं का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया तथा कहा कि योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। गुणवत्ता संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेने की बात कहते हुए उन्होंने नियमित निरीक्षण एवं सतत अनुश्रवण पर जोर दिया।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, बगहा-2 एवं गौनाहा को एक सप्ताह के भीतर पूर्व में पूर्ण हो चुकी योजनाओं की क्रियाशीलता की जांच कर फोटोग्राफ्स सहित प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान ग्रामीण कार्य प्रमंडल नरकटियागंज की कार्यशैली पर भी जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। टेंडर प्रक्रिया में देरी एवं प्रशासनिक कारणों से योजनाओं के प्रभावित होने पर संबंधित सहायक एवं कनीय अभियंताओं के विरुद्ध शोकॉज जारी करने तथा वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में समेकित थरूहट विकास अभिकरण के प्रभारी पदाधिकारी अहमद अली अंसारी, भवन प्रमंडल बेतिया, एलएईओ बगहा, ग्रामीण कार्य प्रमंडल बगहा के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित