बेतिया , जुलाई 21 -- । पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया अरेराज पथ में मुफ्फसील थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गयी। मृतक की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के खड्डा पोखरटोला वार्ड संख्या 06 निवासी सुधीर कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री थे।
परिजनों के अनुसार, सुधीर कुमार बीती रात करीब नौ बजे चेक पोस्ट से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बगीचा रेस्टोरेंट के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुधीर कुमार को सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) में भर्ती कराया। सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान हरिवाटिका चौक के समीप देर रात करीब 12 बजे उनकी मौत हो गयी।
पुलिस मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित