बेतिया,20मार्च(वार्ता)। बिहार में पश्चिमी चम्पारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में नाथबाबा चौक के निकट बीती रात भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई।
हादसा रात करीब 11:40 बजे हुआ, जब तीनों युवक नाथबाबा चौक पर लगे मेले को देखकर बाइक से घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की घटनास्थल पर ही मृत्य हो गई, जबकि तीसरे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान घुसपुरा गांव (वार्ड संख्या 6) के निवासी आलोक राज (18 वर्ष), रौशन कुमार (15 वर्ष), विकास कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
बैरिया थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित