बेतिया , अप्रैल 15 -- बिहार में पश्चिमी चम्पारण जिले की पुलिस ने सात किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस की सतर्कता से दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई में लगभग सात किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान एक बाइक और एक साइकिल भी जब्त की गई।गिरफ्तार आरोपियों में गोपालपुर थाना क्षेत्र के वीरईठ गांव निवासी बजरंगी सिंह और मझौलिया थाना क्षेत्र के चनायन बांध निवासी रंजन चौधरी शामिल हैं।
एसएसबी सिकटा कैंप के प्रभारी सहायक सेनानायक अविनाश पटेल ने बताया कि सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग के दौरान दोनों तस्करों को अलग-अलग पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि बजरंगी सिंह साइकिल से जा रहा था। उसके पास से एक किलो 549 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं रंजन चौधरी बाइक पर सवार था और वह बाइक की पेट्रोल टंकी में पांच किलो 378 ग्राम गांजा छुपाकर ले जा रहा था। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये है।बरामद गांजा और दोनों आरोपियों को सिकटा पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मादक एवं मनोतेजक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित