बेतिया , मार्च 27 -- बिहार में पश्चिमी चम्पारण जिले के बलथर थाना क्षेत्र की पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए माझर पूल के पास 85 किलो गांजा बरामद करने के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
नरकटियागंज अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) जयप्रकाश सिंह ने बताया कि बलथर थाना पुलिस माझर पुल के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बलथर की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। जांच के क्रम में वाहन से छह बंडल बरामद किए गए। संदेह के आधार पर वाहन में सवार दो व्यक्तियों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
इस घटना की सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार रोशन को दी गई। उनकी देखरेख में जब बरामद बंडलों को खोला गया, तो उनमें से कुल 85 किलो 150 ग्राम गांजा पाया गया। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 85 लाख रुपये आंकी गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान नेपाल के पोखरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखरिया निवासी योगेश्वर राउत तथा बलथर थाना क्षेत्र के सड़किया टोला निवासी कादिर शेख के रूप में की गई है।
इस संबंध में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन और बरामद गांजा को जब्त कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित