बेतिया , जुलाई 27 -- बेतिया शहर की लाइफ लाइन मानी जाने वाली बरवत से गवर्नमेंट मेडिकल कालेग एवं अस्पताल (जीएमसीएच) तक निर्माणाधीन फोर लेन सड़क परियोजना में बाधक बने स्टेडियम रोड स्थित कथित अतिक्रमण पर सोमवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया।

इस कार्रवाई के लिए चार जेसीबी मशीनें, भारी पुलिस बल तथा कई दंडाधिकारी तैनात किए गए। इस दौरान प्रशासन और दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक एवं गहमागहमी की स्थिति बनी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभियान जारी रहा।

अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि फोर लेन निर्माण में बाधक बने 85 दुकानदारों को पूर्व में नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जगह खाली नहीं किए जाने पर प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि 14 दुकानदार उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) लेकर आए हैं, इसलिए उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई।

इस कर्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम सुबह चार जेसीबी मशीनों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। बुलडोजर चलते ही बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने सामान निकालने के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग करते हुए विरोध किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर पुलिस और दुकानदारों के बीच तीखी बहस तथा धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बनी।

मौके पर मौजूद एसडीएम, एसडीपीओ और अन्य दंडाधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए अभियान जारी रखा। एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि सोमवार को अब तक 40 दुकानों को हटाया जा चुका है तथा शेष अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन के अनुसार यह शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित