बेतिया , जुलाई 10 -- पश्चिम चंपारण जिले के भारत-नेपाल सीमावर्ती इनरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 46.900 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान तीन तस्कर मादक पदार्थ छोड़कर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि नौ जुलाई की रात इनरवा थानाध्यक्ष को गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर नेपाल से गांजा लेकर सकरौल गांव के छठिया घाट स्थित थेथरी नदी पुल के रास्ते भारत में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर निगरानी शुरू की।
पुलिस ने बताया कि 10 जुलाई की सुबह करीब 3.40 बजे तीन व्यक्ति अपने कंधे पर बोरा लेकर आते दिखाई दिए, लेकिन पुलिस वाहन देखते ही तीनों बोरा फेंककर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन नदी और नहर वाले सीमावर्ती क्षेत्र का लाभ उठाकर तीनों नेपाल की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से 46.900 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस संबंध में इनरवा थाना कांड संख्या 99/26 अज्ञात तस्करों के विरुद्ध दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित