बेतिया , फरवरी 17 -- प्रधान डाकघर बेतिया में अनिवार्य डे-एंड प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण सोमवार से पूरा कामकाज ठप हो गया है, जिससे जिले के 22 उपडाकघरों की नकद सेवा भी प्रभावित हुई है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 13 फरवरी को डे-एंड प्रक्रिया नहीं की गई। इसके बाद 14 फरवरी की तिथि में उसी दिन का लेन-देन दर्ज कर लिया गया, जबकि उस दिन भी डे-एंड नहीं हो सका। लगातार दो दिनों तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने से कोर बैंकिंग सॉल्यूशन प्रणाली में तिथि असंतुलन और ट्रेजरी बैलेंस लॉक की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके कारण 16 फरवरी से प्रधान डाकघर के सभी काउंटरों पर लेन-देन बंद है।

प्रधान डाकघर से नकद आपूर्ति नहीं होने के कारण जिले के 22 उपडाकघरों में भी भुगतान कार्य प्रभावित हुआ है। हालांकि उपडाकघरों में कार्यरत कर्मी विभिन्न बचत योजनाओं में जमा राशि से आंशिक भुगतान कर स्थिति सामान्य रखने का प्रयास कर रहे हैं, फिर भी कई स्थानों पर ग्राहकों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

डाक अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और जांचोपरांत दोषी कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल उत्पन्न तकनीकी समस्या का समाधान कर कामकाज शीघ्र बहाल करना प्राथमिकता है। उन्होंने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित