बेतिया, मार्च 27 -- िहार में पश्चिमी चम्पारण के गौनाहा थाना क्षेत्र में तैनात सशस्त्र सीमा बल(एसएसबी) की 44वीं बटालियन के जवानों ने शुक्रवार को चार किलो चरस बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

यह बरामदगी आज लगभग 11.35 बजे अंतर्राष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 440 के पास से भारतीय क्षेत्र में हुयी है।

एसएसबी सूत्रों ने बताया कि निरीक्षक प्रवीण कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। तभी एक संदिग्ध बाइक जंगल के रास्ते नेपाल से भारत की ओर आती हुई दिखाई दी। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बाइक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की में रखे सफेद बोरे में 8 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल लगभग 4.060 किलोग्राम चरस पाया गया।

पकड़े गए तस्कर की पहचान गौनाहा थाना के मंगुराहा वार्ड नंबर 01 निवासी आजाद आलम (उम्र 26 वर्ष), के रूप में हुई है।

एसएसबी के अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए तस्कर, बरामद चरस तथा उपयोग की गई को आवश्यक कार्रवाई के लिए गौनाहा पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित