बेतिया , जुलाई 27 -- बिहार के बेतिया जिले में गो सम्मान अभियान के तहत गोभक्तों, संत समाज एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सोमवार को समाहरणालय परिसर में प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने देशभर में गोवंश की सुरक्षा, संरक्षण एवं सम्मान के लिए प्रभावी और कठोर कानून बनाने की मांग की।
इस मांगपत्र में कहा गया कि भारतीय संस्कृति एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गोवंश का महत्वपूर्ण स्थान है। इसलिए पूरे देश में गोहत्या पर एक समान सख्त कानून लागू किया जाए। साथ ही गोहत्या एवं गो तस्करी को संगठित और गैर-जमानती अपराध घोषित कर कठोर दंड का प्रावधान करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने पंचगव्य आधारित कृषि, जैविक खाद एवं औषधि को बढ़ावा देने, प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं जिला स्तर पर गोशालाओं की स्थापना, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर घायल गोवंश के उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने तथा विद्यालयों के पाठ्यक्रम में गो-विज्ञान को शामिल करने की भी मांग उठाई।
गो सम्मान अभियान के राष्ट्रीय संयोजक श्यामाकांत मिश्र, राजीव रंजन चौबे तथा संजय द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारियों मांगपत्र पर हस्ताक्षर किये हैं। इस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मांगपत्र केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित