बेतिया, अप्रैल 10 -- बिहार के पश्चिमी चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र से पुलिस ने शुक्रवार को कार से एक महिला का शव बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि महोदीपुर चैता वार्ड संख्या 4 में आज एक महिला का शव कार से शव बरामद किया गया है। मृतका की पहचान राधेश्याम पांडेय की पत्नी करिश्मा पाण्डेय के रूप में हुई है।मृतका के मायके वालो ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है।मृतका के परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी। प्रताड़ना से तंग कर्ज लेकर पैसे दिए गये, लेकिन अत्याचार जारी रहा। कुछ समय पहले करिश्मा को घर से निकाल दिया गया था, जिसके बाद पंचायत के समझौते पर वह ससुराल लौटी थीं।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम भी मौके पर जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने मृतका के पति राधेश्याम पाण्डेय, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। मायके पक्ष के आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित