बेतिया, फरवरी 22 -- बिहार के पश्चिमी चम्पारण के मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात को रोकते हुए चार युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार युवकों में मझौलिया वार्ड नंबर 7 निवासी अक्षय कुमार, पवन कुमार, बैठनिया निवासी राजा ठाकुर, और चौलाभार निवासी चंकी पांडेय उर्फ मृत्युंजय पांडेय शामिल हैं।
एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि शनिवार की देर रात गुप्त सूचना मिली कि मझौलिया बाजार में आर०के० ज्वेलर्स के पास कुछ युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. शौर्य सुमन के निर्देश पर एसडीपीओ विवेक दीप के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अक्षय कुमार के पास से दो देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं पवन कुमार के घर से तीन जिंदा कारतूस जब्त किए गए। इसके अलावा राजा ठाकुर और चंकी पांडेय को भी गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में कुल दो देशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद हुए।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में मझौलिया थाना कांड संख्या 192/26 के तहत आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक विजय कुमार, थानाध्यक्ष अमर कुमार, धमेन्द्र कुमार, डीआईयू प्रभारी इन्द्रजीत पासवान, ओमप्रकाश गुप्ता, मुकेश कुमार पासवान, पुरुषोतम पाण्डेय, विश्वनाथ सिंह, निलेश कुमार, रामदुलार सिंह, राजेश शर्मा, आनंद कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित