बेतिया , अप्रैल 26 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र से अपहृत एक युवक को पुलिस ने चार दिनों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि नगर थाना क्षेत्र के अस्पताल रोड निवासी राजा अहमद के पुत्र मो. अफसार (19) का 16 अप्रैल को गुरचुरवा गांव से अपहरण कर लिया गया था। इस संबंध में 20 अप्रैल को मझौलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
सूत्रों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक(एसपी) डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर सदर वन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी(एसडीपीओ) विवेक दीप के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी कर शनिवार की रात मझौलिया एवं मुफस्सिल थाना क्षेत्र की सीमा से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि बरामद युवक से पूछताछ की जा रही है और अपहरण के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में शामिल आरोपियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ विवेक दीप के अलावा मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार, अपर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, तकनीकी शाखा प्रभारी इंद्रजीत पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित