बेतिया , सितंबर 21 -- पश्चिमी चम्पारण के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लालगढ़ में सोमवार को दिनदहाड़े हथियारबंद हमलावरों ने दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें 17 वर्षीय युवक की मौत हो गयी और उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान लालगढ़ निवासी राजीव जायसवाल के पुत्र सूरज जायसवाल (17) के रूप में हुई है। घायल शिवम जायसवाल (पिता सुनील जायसवाल) को इलाज के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, बेतिया में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक की स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है।
मृतक के चचेरे भाई दिव्यांशु के अनुसार, पड़ोसी दीपक पटेल से पूर्व से विवाद चल रहा था। सोमवार दोपहर सूरज और शिवम अपने घर से कुछ दूरी पर खड़े थे। इसी दौरान दीपक अपने सहयोगियों के साथ हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचा और दोनों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार से सूरज पर प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गयी। हमले में शिवम भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गये।
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रभारी थानाध्यक्ष कंचन भास्कर ने बताया कि मामले में संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित