बेतिया , अप्रैल 16 -- पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने के साथ तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए हैं।
जिले में जिलाधिकारी श्री सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन, पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल के वरीय अधिकारी शामिल हुए। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने इस बैठक में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण चिन्हित कर उसे शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। साथ ही नशा मुक्ति अभियान को तेज करने, जागरूकता बढ़ाने और नियमित छापेमारी चलाने को कहा। वित्तीय अनियमितताओं पर निगरानी के तहत संदिग्ध बैंक खातों, म्यूल अकाउंट और फर्जी लेन-देन की जानकारी साझा करने का भी निर्देश दिए गए।
इस बैठक में स्वचालित धन निकासी मशीन (एटीएम) में फेक करेंसी पहचान के लिए मशीन लगाने तथा एफसीआर फंडिंग की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा गया। जिलाधिकारी ने फर्जी आधार कार्ड के खिलाफ सख्ती, सीएसपी केंद्रों की जांच और विदेशी नागरिकों की पहचान कर वापसी प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने भी संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई पर बल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित