बेतिया, अप्रैल 30 -- िहार के पश्चिमी चंपारण जिले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) नरकटियागंज पोस्ट ने रक्सौल से आनंदविहार जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस से 4.318 किलोग्राम नेपाली चरस बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप ने गुरुवार को यहां बताया कि सूचना के आधार पर एक टीम बगहा स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई। उन्होंने बताया कि सिसवा बाजार और घुघली स्टेशन के बीच कोच संख्या एस-2 के शौचालय के पास दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान तराबुल और जोगिंद्र प्रसाद के रूप में हुई।तलाशी के दौरान तराबुल के पास से 2.150 किलोग्राम तथा जोगिंद्र प्रसाद के पास से 2.168 किलोग्राम चरस बरामद की गई। बरामद चरस की कीमत करीब 25 लाख रूपये है।

आरपीएफ अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नेपाल से चरस लाकर गोरखपुर ले जा रहे थे। बरामद चरस और दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया गया है, जहां मादक एवं मनाेतेजक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित