बेतिया , मार्च 21 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में पिछले वर्ष दिसंबर में हुई चाकू मारकर बाइक लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों आरोपियों को घटना के करीब तीन माह बाद पुलिस ने मुंबई से पकड़ा है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने आज बताया कि साठी थाना क्षेत्र के धमौरा निवासी अबुलैश आलम उर्फ अबुलैश (26) और राजकुमार उर्फ राज (20) को मुंबई के बांगुर नगर, गोरेगांव से गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से लूटी गई होंडा शाइन बाइक, घटना में प्रयुक्त केटीएम बाइक तथा लूटे गए मोबाइल फोन सहित दो मोबाइल बरामद किए गए हैं।

श्री सुमन ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। अबुलैश आलम के खिलाफ जुलाई 2021 में साठी थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि हरियाणा के सोनीपत में भी जुलाई 2022 में उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं राजकुमार के खिलाफ साठी थाना में तीन मामले दर्ज हैं, जिनमें मई 2025 में एक तथा जून 2025 में आर्म्स एक्ट समेत संगीन धाराओं में दो मामले शामिल हैं।एसपी ने बताया कि 16 दिसंबर 2025 की शाम लौरिया-साठी मार्ग पर सौराहा गांव स्थित माई स्थान के समीप सुनसान स्थान पर बाइक सवार तीन अपराधियों ने जमुनिया निवासी विकास कुमार मिश्र को चाकू मारकर उनकी बाइक, मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये लूट लिए थे।

इस संबंध में लौरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।उन्होंने बताया कि तकनीकी एवं मानवीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस इन दोनों आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार कर बेतिया लायी है।

छापेमारी टीम में लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा, तकनीकी शाखा प्रभारी इंद्रजीत पासवान, दारोगा जयशल कुमार, प्रिया रंजना सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित