बेतिया , अप्रैल 16 -- सामाजिक सुरक्षा निदेशालय, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के तहत पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में सहारा वृद्धाश्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
उमंग बाल विकास आवासीय दिव्यांग प्रशिक्षण संस्थान, पटना की ओर से संचालित यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
वृद्धाश्रम का उद्घाटन उपस्थित अधिकारियों के समूह ने आज दीप प्रज्वलन एवं रिबन काटकर किया गया। यह केंद्र बेतिया के बड़ा रमना अनाथालय परिसर में स्थापित किया गया है, जहां पूर्व में मुख्यमंत्री वृद्ध जन आश्रय स्थल संचालित था, जिसे अब समाज कल्याण विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है।
उद्घाटन समारोह में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, विकास कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता शिवम गुप्ता, सहायक निदेशक बाल संरक्षण दिलीप कामत, नगर प्रबंधक संतोष कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर किया गया। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच हेल्थ किट, फूड किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया। संस्था की ओर से आश्रम को एक ई-रिक्शा भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे बुजुर्गों के आवागमन एवं चिकित्सकीय जरूरतों में सहायता मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित