बेतिया , अप्रैल 19 -- बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में रविवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से मछली व्यवसायी की मौत हो गयी तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बेतिया मैनाटंड पथ पर बकुलहर चौक के समीप आज सुबह सीमेंट लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे मौजूद दो लोगों को कुचल दिया। इस घटना में चनपटिया थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी मछली व्यवसायी भगरासन साह (25) की मौके पर मौत हो गई, जबकि गोपालपुर थाना क्षेत्र के बकुलहर निवासी मनोज महतो गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मनोज महतो को इलाज के लिए बेतिया भेज दिया है ।

इस बीच मृतक के परिजनों ने मछली व्यवसायी का शव सड़क पर सड़क जाम कर दिया। गोपालपुर थाना की पुलिस ने परिजनों को समझाया, लेकिन उन्होंने सड़क जाम नहीं हटाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चनपटिया और कुमारबाग थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में क्विक एक्शन टीम के जवानों को भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद लोगों ने जाम को हटाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया है। ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित