चंडीगढ़ , अगस्त 20 -- सेना की पश्चिमी कमान की ओर से गुरुवार को चंडीमंदिर में अंगदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह, एवीएसएम, एसएम ने की।

यह कार्यक्रम 13 अगस्त को मनाये गये विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर पश्चिमी कमान द्वारा चलाये जा रहे जागरूकता अभियानों की श्रृंखला का हिस्सा था। कमांड अस्पताल, चंडीमंदिर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, इससे जुड़े भ्रम और मिथकों को दूर करना तथा स्वैच्छिक अंगदान के लिए लोगों को प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने अंगदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। इसमें विशेषज्ञ व्याख्यान, प्रेरक वीडियो और संवाद सत्र आयोजित किए गए। वक्ताओं ने बताया कि किसी व्यक्ति का अंगदान का निर्णय दूसरे जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन का दूसरा अवसर प्रदान कर सकता है।

कार्यक्रम का भावुक पहलू उन परिवारों का सम्मान समारोह रहा, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोने के कठिन समय में भी अंगदान का निर्णय लेकर दूसरों को जीवन का उपहार दिया। सेना कमांडर ने श्रीमती सुदेशना सिंह, मुख्यालय रिक्रूटिंग जोन (पंजाब एवं जम्मू-कश्मीर), श्रीमती बी. अमृता, 15 सीओएसआर, श्रीमती शर्मिला मुखिया, 14 जीटीसी, लेफ्टिनेंट कर्नल हीरा सिंह, मुख्यालय रिक्रूटिंग जोन (पंजाब एवं जम्मू-कश्मीर) और नायक थोंबारे कैलास, 19 गार्ड्स को सम्मानित किया।

इन परिवारों के साहस, संवेदना और मानव जीवन बचाने में उनके योगदान की सराहना की गयी। अंगदान को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सेवारत सैन्य कर्मियों को भी मानवता की सेवा के लिए जीओसी-इन-सी कमेंडेशन कार्ड प्रदान किये गये।

कार्यक्रम के समापन पर जागरूकता को सार्थक कार्रवाई में बदलने का आह्वान किया गया। लोगों से अंगदान के संबंध में सही जानकारी हासिल करने, स्वैच्छिक संकल्प लेने और समाज में अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील की गयी।

पश्चिमी कमान की इस पहल ने भारतीय सेना की निस्वार्थ सेवा की भावना को दोहराते हुए समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि अंगदान के माध्यम से एक व्यक्ति की विरासत कई जिंदगियों में आगे भी जीवित रह सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित