सहारनपुर , मई 13 -- राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय महासचिव एवं बिजनौर से लोकसभा सांसद चंदन चौहान ने दावा किया है कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में रालोद-भाजपा गठबंधन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को कड़ी टक्कर देगा और मजबूत प्रदर्शन करेगा।

सांसद चंदन चौहान ने बुधवार को कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान बना भाजपा-रालोद गठबंधन पूरी मजबूती और बेहतर तालमेल के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री एवं रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी लगातार पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दौरा कर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।

उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी अपने दादा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और पिता चौधरी अजीत सिंह की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए रालोद के जनाधार को विस्तार देने का कार्य कर रहे हैं। चंदन चौहान ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रालोद का परंपरागत प्रभाव बना हुआ है और पार्टी का करीब 45 से 50 विधानसभा सीटों पर मजबूत आधार है। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के तहत रालोद ने 32 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें पार्टी को आठ सीटों पर जीत मिली थी। बाद में खतौली उपचुनाव में भी रालोद प्रत्याशी मदन भैया ने जीत दर्ज की थी।

उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी चुनाव में भी प्रभावशाली मुस्लिम चेहरों को मैदान में उतारेगी। थाना भवन से विधायक अशरफ अली खान और मेरठ की शिवाल खास सीट से विधायक गुलाम मोहम्मद का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों नेता गठबंधन के साथ अगला चुनाव लड़ेंगे।

चौहान ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाल के महीनों में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदले हैं। उन्होंने कहा कि जाट, राजपूत और गुर्जर समाज के बीच पहले की तुलना में बेहतर समन्वय और सौहार्द बना है, जिससे गठबंधन को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, नगीना, मुरादाबाद और रामपुर जैसी सीटों पर नुकसान हुआ था, लेकिन अब सामाजिक समीकरण बदल रहे हैं।

सांसद ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की किसान नीतियों पर काम कर रही है, जिससे किसान वर्ग सरकार से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि इसी कारण प्रदेश में बड़े किसान आंदोलन देखने को नहीं मिल रहे हैं।

चंदन चौहान ने कहा कि भाजपा और रालोद के बीच वैचारिक सामंजस्य लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा अपनी कठिन सीटों पर रालोद को अवसर देती है तो रालोद उन सीटों पर जीत दर्ज करने की क्षमता रखता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित