सहारनपुर , अगस्त 29 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक और मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा अच्छा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से लोग ऊब चुके हैं और अब सपा की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं।
श्री चौधरी ने कहा कि वह ऐसे अकेले जीवित जाट नेता हैं, जिन्हें चौधरी चरण सिंह ने वर्ष 1974 में लोकदल के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ाया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने राजनीति की शुरुआत डॉ. राममनोहर लोहिया के साथ समाजवादी युवजन सभा से की थी। लोहिया युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने कहा कि वह लोहिया से कई बार मिले, लेकिन उस समय वह 12वीं कक्षा के छात्र थे और लोहिया उन्हें व्यक्तिगत रूप से ठीक से नहीं जानते-पहचानते थे। उनके साथ काम करने वालों में सतपाल मलिक भी शामिल थे, जो बाद में जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल बने।
मूल रूप से गाजियाबाद के रहने वाले राजेंद्र चौधरी चौधरी चरण सिंह के भरोसेमंद लोगों में शामिल रहे। उन्होंने बताया कि वर्ष 1977 में चरण सिंह ने उन्हें जनता पार्टी के टिकट पर गाजियाबाद से विधानसभा चुनाव लड़ाया, जिसमें वह विधायक निर्वाचित हुए। बाद में चौधरी अजित सिंह के दौर में वह मुलायम सिंह यादव के साथ आ गए और तब से सपा में बने हुए हैं। अखिलेश यादव सरकार में वह खाद्य आपूर्ति और कारागार जैसे महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री भी रहे।
श्री चौधरी ने कहा कि पिछले दिनों उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, लेकिन अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और पार्टी का कामकाज देख रहे हैं। भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि शासन से ऊबी जनता अब सपा की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित