होशियारपुर , अप्रैल 18 -- पंजाब में होशियारपुर पुलिस ने जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे पर एक ट्रक को रोककर आठ मवेशियों को बचाया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह कार्रवाई शुक्रवार शाम एनएच-44 पर मुसाहिबपुर गांव के पास की गई। पुलिस को यह सूचना शिव सेना समाजवादी के राष्ट्रीय युवा प्रभारी कमलदीप 'बंटी' जोगी और एक गौ-रक्षा संगठन के जिला प्रधान महिंदरपाल द्वारा दी गयी थी, जिसके बाद पुलिस को सतर्क किया गया। सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रक कोरोका और उसमें सात गायें और एक बछड़ा अमानवीय तरीके से ले जाए जाते पाये गये।
जांच के दौरान पाया गया कि जानवरों को बहुत कसकर बांधा गया था और उनके मुंह और पैर भी बंधे हुए थे, जिससे उन्हें तकलीफ हो रही थी और सांस लेने में भी दिक्कत आ रही थी।
ट्रक चालक की पहचान गुरतीरथ सिंह (निवासी लुधियाना) के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार करलिया गया। वह पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
सहायक उप-निरीक्षक दिलदार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, बचाये गये मवेशियों को सुरक्षित देखभाल में रखा गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित