भरतपुर , जुलाई 20 -- राजस्थान में धौलपुर जिले के बाड़ी थाना क्षेत्र में पंजाबीपुरा में रविवार को पशु चराने गए एक किशोर की हत्या करने का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मनोज मीना (16) पशु चरा कर कल देर शाम तक घर नहीं लौटा तो ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब नौ बजे जंगल में प्लास्टिक के कट्टों से ढका उसका शव मिला। संभवत: पत्थरों से वार करके उसकी हत्या की गई।
इस घटना से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। इससे भारी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। मृतक के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौके से किशोर का शव उठाने से इन्कार कर दिया और वे जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाये जाने की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने बाड़ी-बसेड़ी राजमार्ग अवरुद्ध कर दिया।
मामले की गम्भीरता को देखते धौलपुर में पुलिस जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित पुलिस रेंज के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गये और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाये हुए है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार, पुलिस उप अधीक्षक महेंद्र मीणा पुलिस बल के साथ मौजूद हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित