भिण्ड , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मिहोना थाना क्षेत्र के चांदौख गांव में पशुशाला में सो रहे 35 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह परिजनों को उसका शव चारपाई पर मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विश्व प्रताप सिंह राजावत के रूप में हुई है। वह गुरुवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद गांव के पास स्थित पशुशाला में सोने गया था। शुक्रवार सुबह परिजमेन मवेशियों की देखभाल के लिए पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। प्रारंभिक तौर पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की आशंका है।
परिजनों ने परिवार के कुछ नजदीकी लोगों पर हत्या का संदेह जताते हुए बताया कि उनके साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था और दो-तीन दिन पहले भी झगड़ा हुआ था। परिजनों को आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते हत्या की गई, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित