नैनीताल , अक्टूबर 18 -- उत्तराखंड के भीमताल विधानसभा के ऐतिहासिक पशुपतिनाथ मंदिर कौडार को ''मंदिर माला मिशन योजना'' में शामिल किया गया है। इस मिशन के तहत मंदिर के लिए 98 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
केबिनेट मंत्री कैड़ा ने रविवार को जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से इस ऐतिहासिक मंदिर को मंदिर माला मिशन में शामिल करने की घोषणा की गई थी। इसी के तहत इस पावन धाम को इस परियोजना में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि मंदिर के विकास और सौन्दर्यीकरण के लिए 98 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। प्रथम किस्त के रूप में 59 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि पशुपतिनाथ मंदिर से क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। राशि स्वीकृत होने से मंदिर परिसर में आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित होंगी और बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। इसके साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी तथा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण एवं विकास उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित