लखनऊ: , जनवरी 22 -- उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को निराश्रित गोवंश के संरक्षण हेतु प्रदेश के 14 जनपदों में निर्मित 18 वृहद गोसंरक्षण केन्द्रों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में प्रदेश सरकार गोवंश के भरण-पोषण, संरक्षण और संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गोसंरक्षण केन्द्रों के निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी केन्द्रों में व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों।

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने जिन गोसंरक्षण केन्द्रों का वर्चुअल लोकार्पण किया उनमें, मिर्जापुर में 3, बरेली और कानपुर देहात में 2-2, जबकि आजमगढ़, कासगंज, उन्नाव, बुलन्दशहर, श्रावस्ती, अम्बेडकरनगर, बाराबंकी, सुलतानपुर, फिरोजाबाद, रायबरेली और बदायूं में 1-1 केन्द्र का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। इन 18 केन्द्रों की कुल निर्माण लागत 28 करोड़ 82 लाख रुपये है। प्रत्येक केन्द्र में लगभग 400 गोवंश के संरक्षण की सुविधा उपलब्ध है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने संबंधित जनपदों के ग्रामप्रधानों, मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों एवं केयरटेकरों से संवाद कर गोवंश के रख-रखाव की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में चारा, भूसा, प्रकाश व्यवस्था, दवाइयों और पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्थिति में गोवंश को परेशानी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित