झुंझुनू , मई 03 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जीथाना क्षेत्र में रघुनाथपुरा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति का शव पशुओं के लिये बनाये गये पानी से भरे हौज में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मृतक की पहचान रघुनाथपुरा निवासी सुनील (45) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही गुढ़ागौड़जी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव गुढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखवाया है।

परिजनों के अनुसार सुनील शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं आया तो परिजन और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की। उसका कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह गांव का एक व्यक्ति श्मशान भूमि स्थित पेड़ों को पानी देने पहुंचा। वहां उसने पशुओं के लिये बनाये गये पानी से भरे हौज में एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाया।

मृतक के भतीजे उम्मेद सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि जिस हौज में शव मिला। उसमें पानी बहुत कम था। जिससे डूबने से मौत होना संदिग्ध प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनील की हत्या करके शव पानी में डाला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित