नागपुर , जून 01 -- महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार एवं उद्योगपति अरुण लखानी का कहना है कि राजनीतिक विचारधाराएं और पारिवारिक रिश्ते अलग-अलग मामले हैं । उनके बेटे सारंग की शादी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती से इसी महीने होने वाली है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में चंद्रपुर-वर्धा-गडचिरोली निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा द्वारा नामित श्री लखानी ने ने सोमवार को कहा कि व्यक्तिगत संबंधों को राजनीतिक संबद्धताओं से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। भाजपा द्वारा उनकी उम्मीदवारी की घोषणा के बाद एक मराठी टेलीविजन चैनल से बात करते हुए श्री लखानी ने कहा कि सुश्री सुले ने उन्हें बधाई दी थी।
पवार परिवार की राजनीतिक प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए उन्होंने टिप्पणी किया कि एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से रिश्तेदारी होना कोई असामान्य बात नहीं है। पवार परिवार के साथ उनके संबंधों ने एक विशिष्ट राजनीतिक समीकरण को जन्म दिया है, इस सवाल का जवाब देते हुए श्री लखानी ने कहा कि दोनों परिवार अपने-अपने राजनीतिक विश्वासों एवं विचारधाराओं में दृढ़ हैं।भाजपा नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा उन पर जताए गए विश्वास से वह खुद को भाग्यशाली महसूस करते हैं।
चुनाव पर टिप्पणी करते हुए श्री लखानी ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता उन उम्मीदवारों का समर्थन करते हैं जिनके बारे में उनका मानना है कि वे जन कल्याण के लिए काम करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचे। चंद्रपुर-वर्धा-गडचिरोली निर्वाचन क्षेत्र के तीन जिलों में फैले भौगोलिक विस्तार पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट के साथ उनके जुड़ाव ने उन्हें पहले ही इस क्षेत्र में मजबूत संबंध स्थापित करने में सक्षम बनाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित