पटना , जून 11 -- िहार विधान परिषद की विधानसभा कोटे की नौ सीटों पर हुए द्विवार्षिक चुनाव तथा एक सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिए गए। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी नौ उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को बधाई देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
श्री सरावगी ने कहा कि यह जीत केवल राजग के उम्मीदवारों की जीत नहीं है, बल्कि बिहार के विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति में जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी नवनिर्वाचित सदस्य अपने अनुभव, कार्यकुशलता और जनसेवा के संकल्प के साथ विधान परिषद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवनिर्वाचित सदस्य मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों को और अधिक गति देने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
श्री सरावगी ने कहा कि सभी सदस्यों का अनुभव और दूरदर्शिता 'विकसित बिहार' के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगी तथा राज्य को प्रगति और समृद्धि के नए आयामों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और विधान परिषद में राजग के मजबूत प्रतिनिधित्व से सरकार की जनहितकारी नीतियों को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों के उज्ज्वल, सफल और जनसेवा को समर्पित कार्यकाल की कामना करते हुए पुनः हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के निशांत कुमार, डॉ. भारती मेहता, शिवानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद विजयी घोषित किए गए जबकि भाजपा की ओर से भोजपुरी अभिनेता एवं गायक पवन सिंह, डॉ. संजय प्रकाश मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को विधान परिषद का सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अशरफ अंसारी भी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित