बारां , जुलाई 28 -- राजस्थान बारां में नहरी किसान संघर्ष एवं सिंचाई समिति की आमसभा में मंगलवार को सर्वसम्मति से पवन यादव को पुनः समिति का अध्यक्ष चुना गया।
बैठक के बाद समिति के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर परवन वृहद सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्य की धीमी गति पर चिंता जताई और परियोजना को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए हस्तक्षेप की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि पिछले एक वर्ष में परवन बांध का निर्माण कार्य पूर्ण होना सकारात्मक उपलब्धि है लेकिन मुख्य नहरों के दांये और बांये ओर का निर्माण अब भी कछुआ चाल से चल रहा है। विशेष रूप से अटरू, बारां और अंता क्षेत्र में कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है।
उन्होंने किसानों एवं सामाजिक संगठनों से आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। सह-संयोजक हंसराज मीणा ने कहा कि परियोजना को वर्ष 2027 तक धरातल पर लाने के लिए किसान आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन की आवश्यकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित